रीवा के होटल में युवक-युवती की लाश मिलने से मचा हड़कंप

रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत एक होटल के कमरे में युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आत्महत्या की आशंका जताई जा रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

रीवा के होटल में युवक-युवती की लाश मिलने से मचा हड़कंप

रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित एक होटल के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ने शराब पार्टी के बाद जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली, ऐसी आशंका जताई जा रही है। वहीं, पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि बेला क्षेत्र से तीन युवक-युवती कल रिंग रोड स्थित होटल द अंपायर होटल एंड जनमाशा में पहुंचे थे और एक कमरा लेकर ठहरे थे। देर रात कमरे में शराब पार्टी की गई। इसके बाद उनके साथ आया एक युवक वापस घर चला गया।

परिजनों ने जब उससे अन्य दोनों के बारे में पूछताछ की तो उसने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। आज दोपहर वह दोबारा परिजनों के घर पहुंचा और बताया कि होटल में ठहरे युवक और युवती ने सुसाइड कर लिया है। सूचना मिलते ही परिजन होटल पहुंचे और मृतकों की पहचान की।

इधर होटल के कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल मैनेजर ने समान थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तुड़वाया। अंदर 21 वर्षीय युवक और 25 वर्षीय युवती मृत अवस्था में मिले।

पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय भेज दिया है। प्रथम दृष्टया जहर सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।