रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी का तबादला आधे घंटे में निरस्त, उचेहरा TI मऊगंज रवाना
पुलिस मुख्यालय का संशोधित आदेश: संदीप चतुर्वेदी का तबादला रद्द, बाकी स्थानांतरण यथावत
सतना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा शुक्रवार की शाम निरीक्षक और कार्यवाहक निरीक्षक स्तर के 7 पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए। इस आदेश के जारी होने के ठीक आधे घंटे के बाद एक और आदेश जारी हुआ, जिसमें पहले किए गए तबादला आदेश को निरस्त कर दिया गया।
आधे घंटे बाद आदेश जारी और तबादला रद्द
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जारी तबादला आदेश में पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा जिले के रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक संदीप कुमार चतुर्वेदी का तबादला मऊगंज जिले के लिए किया गया। इसी आदेश में उचेहरा थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक सतीश कुमार मिश्रा का स्थानान्तरण मऊगंज जिले के लिए किया गया। जबकि सतना में पदस्थ रह चुके वर्तमान में पीटीएस रीवा में पदस्थ कार्यवाहक निरीक्षक साधना कठेल का स्थानान्तरण मैहर जिले के लिए किया गया।
इस आदेश के ठीक आधे घंटे बाद पुलिस मुख्यालय से एक और आदेश जारी होता है, इस आदेश में पहले जारी कार्यवाहक निरीक्षक संदीप कुमार चतुर्वेदी का स्थानान्तरण निरस्त कर दिया जाता है। जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि शेष आदेश यथावत रहेंगे।
दो सब इंस्पेक्टर भेजे गए सतना
पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा जारी तबादला आदेश में जिले को दो सब इंस्पेक्टर मिले हैं। शुक्रवार को जारी आदेश में सिंगरौली जिले में पदस्थ सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार पांडेय और अरुण कुमार सिंह का स्थानान्तरण सतना किया गया है।
Varsha Shrivastava 
