आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कार मालिक गिरफ्तार

वेतन न मिलने और मोबाइल छीने जाने पर चालक ने जहर खाकर दी थी जान

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कार मालिक गिरफ्तार

सतना। तीन माह का वेतन न मिलने और मोबाइल फोन छीने जाने से आहत होकर एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी थी। मृतक ने सुसाइड नोट में घटना की वजह बताई थी। जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपी कार मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

टीआई कोलगवां सुदीप सोनी ने बताया कि 17 जुलाई को थानान्तर्गत बैंक कालोन  गली नं. 2 निवासी कमलेश पांडेय (38 वर्ष) ने जहर खा लिया था। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। मृतक के पास सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में मृतक ने लिखा था- वह प्रकाश पांडेय कार चलाता था। कार मालिक प्रकाश ने तीन माह का वेतन नहीं दिया और मारपीट कर मोबाइल छीन लिया।

मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में जांच के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल के हस्तलिपि (क्यूडी) शाखा को भेजा गया, जहां से रिपोर्ट मिली कि सुसाइड नोट मृतक के द्वारा ही लिखे गए हैं। इधर विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट और बयान के आधार पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के साक्ष्य मिले।

जिसके बाद धारा 108 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर शुक्रवार को आरोपी कार मालिक प्रकाश कुमार पांडेय पिता शिवचरण पांडेय (33 वर्ष) निवासी बैंक कालोनी गली नं. 1  थाना कोलगवां को गिरप्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।