Bittu Tabahi : कौन है बिट्टू तबाही? सीएम डॉ. मोहन यादव ने की मुलाकात बोले- पूरे प्रदेश को आप पर गर्व
Bittu Tabahi : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल निवास पर ‘बिट्टू तबाही’ से मुलाकात की और उनके इस काम के लिए सम्मानित भी किया। सीएम ने कहा कि, पूरे प्रदेश को बिट्टू पर गर्व है।
CM Meets Bittu Tabahi: भोपाल। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी 20 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ़ बिट्टू तबाही इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उन्हें लोग ‘बिट्टू तबाही’ के नाम से जानते हैं। बिट्टू ने कचरे और गंदगी से भरी अजनार नदी की सफाई का जिम्मा खुद उठाया। उन्होंने करीब दो साल तक लगातार मेहनत की। अब उनकी इस पहल की खूब तारीफ हो रही है।

CM डॉ. मोहन यादव ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास पर बिट्टू से मुलाकात की और उनके प्रयास के लिए सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि बिट्टू ने अपनी इच्छाशक्ति से नदी की सफाई के साथ समाज को भी संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए हमेशा बड़ी टीम की जरूरत नहीं होती। एक व्यक्ति की मजबूत पहल भी इसकी शुरुआत कर सकती है।
भोपाल निवास पर ब्यावरा के बेटे सुरेंद्र सिंह चौधरी ‘बिट्टू तबाही’ से आत्मीय भेंट की।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 5, 2026
बिट्टू ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प से सिर्फ अजनार नदी की सफाई ही नहीं की, बल्कि अपने प्रयासों से समाज को यह संदेश भी दिया है कि बदलाव के लिए बड़ी भीड़ नहीं, एक सच्ची पहल ही काफी है।
आपकी… pic.twitter.com/hQVbdVYMMf
गंदे पानी में उतरकर शुरू किया अभियान
बिट्टू ने अजनार नदी की खराब हालत देखी तो खुद सफाई शुरू करने का फैसला किया। नदी में प्लास्टिक, कचरा और पूजा सामग्री जमा थी। पानी से बदबू आती थी। बिट्टू ने बिना किसी बड़े अभियान या टीम के नदी में उतरकर कचरा निकालना शुरू किया। लगातार काम करने के दौरान उनके हाथों में संक्रमण भी हुआ, लेकिन उन्होंने सफाई का काम नहीं रोका।

अपनी जेब से खर्च किए करीब 30 हजार
सफाई के लिए जरूरी औजार जुटाने में बिट्टू ने दोस्तों की मदद ली। उन्होंने अपनी जेब से भी करीब 30 हजार रुपये खर्च किए। उनका अभियान कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने करीब दो साल तक लगातार नदी की सफाई की। इसके बाद नदी की तस्वीर में बदलाव दिखाई देने लगा। उनके सफाई अभियान के पहले और बाद के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

सोशल मीडिया पर मिली तारीफ और आलोचना
बिट्टू के वीडियो वायरल होने के बाद उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ी। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर चार लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। हालांकि, कुछ लोगों ने उनके अभियान को पब्लिसिटी और लाइक्स से जोड़कर सवाल भी उठाए। इसके बावजूद बिट्टू सफाई अभियान जारी रखते रहे।
आनंद महिंद्रा ने भी की तारीफ
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी बिट्टू के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने की इच्छा किसी अच्छे काम को बढ़ावा देती है, तो इसे सकारात्मक रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने बिट्टू के प्रयास को अपना #MondayMotivation भी बताया। इससे उनके अभियान को और व्यापक पहचान मिली।
This young man from Biaora, M.P, was criticised for claiming to have cleaned parts of a river just in order to gain social media views.
— anand mahindra (@anandmahindra) March 30, 2026
Well, we usually complain that social media rewards the trivial rather than the meaningful
So If a desire for ‘likes’ can become a force for… pic.twitter.com/ARgEhphuQN
कभी ब्यावरा की लाइफलाइन थी अजनार
अजनार नदी राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र से होकर बहती है। स्थानीय लोगों के लिए इसका पुराना महत्व रहा है। बढ़ते कचरे और प्रदूषण के कारण नदी की हालत खराब हो गई थी। बिट्टू की पहल ने एक बार फिर नदी के संरक्षण की चर्चा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने भी इसे जल स्रोतों के संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

