गांधी जयंती पर मऊगंज में स्वच्छता का सैलाब: देवतालाब मंदिर से लेकर नगर परिषद तक चला अभियान
विधायक गिरीश गौतम ने किया श्रमदान, कलेक्टर संजय जैन के मार्गदर्शन में दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक देवतालाब गिरीश गौतम के नेतृत्व में देवतालाब मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विधायक ने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित भी किया।

कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई के साथ स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का संकल्प लिया गया।
जनपद पंचायत नईगढ़ी में सफाई के बाद कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। शासकीय मॉडल स्कूल नईगढ़ी में स्वच्छता के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। नगर परिषद नईगढ़ी में अध्यक्ष नागिता गुप्ता की उपस्थिति में विशेष अभियान चलाकर शपथ दिलाई गई, वहीं नगर परिषद मऊगंज में अध्यक्ष बृजवासी पटेल ने कर्मचारियों को शपथ दिलाई।

एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, जनपद सदस्य ओमप्रकाश तिवारी और जनपद पंचायत कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में श्रमदान किया। कार्यक्रमों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
Varsha Shrivastava 
