मऊगंज: साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान, पुलिस ने रैली और कार्यशाला के जरिए दी अहम जानकारी

मऊगंज पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को किया जागरूक, नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज निर्माण के लिए भी किया प्रेरित

मऊगंज: साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान, पुलिस ने रैली और कार्यशाला के जरिए दी अहम जानकारी

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। मऊगंज पुलिस साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति अभियान चलाकर आम जनमानस को निरंतर जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में SDOP सचि पाठक की विशेष उपस्थिति में मऊगंज और नईगढ़ी कस्बे में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, कार्यशाला का आयोजन कर उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई, साथ ही नशा मुक्ति के लिए सभी को जागरूक किया गया।

मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार के दिशा-निर्देश और एसडीओपी सचि पाठक के कुशल मार्गदर्शन में जिले के नईगढ़ी में थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी और जिला मुख्यालय स्थित पुलिस थाना मऊगंज में थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह के नेतृत्व में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, समाजसेवियों और महिलाओं ने भाग लिया।

आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने और सोशल मीडिया का सुरक्षित सहित जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

साथ ही युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। मऊगंज पुलिस ने आमजन से सतर्क, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।