मऊगंज : भारतीय मजदूर संघ का पर्यावरण अभियान, वीरांगना अमृता देवी के बलिदान को याद कर किया वृक्षारोपण
Mauganj News : अमृता देवी ने पेड़ों को बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं की स्मृति में पर्यावरण जागरूकता के लिए यह दिवस मनाया जाता है।
रिपोर्टर राजेंद्र पयासी @ मऊगंज। भारतीय मजदूर संघ मध्यप्रदेश जिला मऊगंज के पर्यावरण मंच द्वारा जिले के ग्राम नौढ़िया स्थित बाबा राम पिशोर स्मृति विद्यालय के प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारतीय मजदूर संघ प्रतिवर्ष 28 अगस्त को राजस्थान की वीरांगना अमृता देवी के बलिदान दिवस को राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के रूप में मनाता है। अमृता देवी ने पेड़ों को बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं की स्मृति में पर्यावरण जागरूकता के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

इस वर्ष 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व होने के कारण भारतीय मजदूर संघ ने निर्णय लिया है कि 23 अगस्त से 28 अगस्त के बीच जिले के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण गोष्ठी और वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी तारतम्य में पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण जनों की गरिमामयी उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। बच्चों ने पौधों की देखभाल करने की शपथ भी ली।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ मऊगंज के जिलाध्यक्ष श्यामचरण शुक्ल, पर्यावरण मंच के संयोजक पवन द्विवेदी, स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक दीनानाथ मिश्र, संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता अखिलेन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत नौड़िया के सरपंच राम सलोना पटेल, बलदेव प्रसाद पटेल एवं बैंक अधिकारी कर्मचारी संघ की ओर से भास्कर राज सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अंत में भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष श्यामा चरण शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण ही जीवन है, सभी को एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण को बचाना होगा। कार्यक्रम का संचालन संयोजक बद्रीनारायण मिश्र ने किया।


