मऊगंज : कलेक्टर-एसपी ने नईगढ़ी में किया निरीक्षण, खराब सड़क की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था के दिए निर्देश

Mauganj News : निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

मऊगंज : कलेक्टर-एसपी ने नईगढ़ी में किया निरीक्षण, खराब सड़क की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था के दिए निर्देश

रिपोर्टर राजेंद्र पयासी @ मऊगंज। कलेक्टर संजय कुमार जैन (Collector Sanjay Kumar Jain) एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन (SP Surendra Kumar Jain) ने नईगढ़ी क्षेत्र का भ्रमण कर सड़क, यातायात एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों तथा आमजन की आवागमन संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने राहत कैंप छत्रगढ़कला का भी निरीक्षण किया। 

उन्होंने कैंप में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा प्रभावित नागरिकों के लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राहत कैंप में रह रहे लोगों की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर ने क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी जलभराव की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल पानी की निकासी कराई जाए। नालियों एवं जल निकासी मार्गों में अवरोध को हटाकर वर्षा के पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।  

कलेक्टर ने कहा कि वर्षा एवं जलभराव की परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा, सुगम आवागमन और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ नईगढ़ी ऊषा किरण गुप्ता, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।