मैहर की मातृ शक्ति ने रचा इतिहास : 3,430 छात्राओं ने एक साथ किया कथक नृत्य
Maihar Kathak Dance World Record : कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि मां शारदा की नगरी मैहर की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
Maihar Kathak Dance World Record : मैहर। मां शारदा की पावन नगरी मैहर ने स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित गौरव दिवस समारोह में एक नया इतिहास रच दिया। फुटबॉल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 3,430 छात्राओं ने एक साथ 11 मिनट तक कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर मैहर का नाम एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया।
बेटियों की प्रतिभा को नई पहचान
सैकड़ों छात्राओं की एक साथ लयबद्ध और अनुशासित कथक प्रस्तुति ने पूरे मैदान को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक विरासत से सजी इस प्रस्तुति ने मैहर की मातृ शक्ति और बेटियों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाई।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने किया अवलोकन
एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुरूप छात्राओं की सामूहिक कथक प्रस्तुति का अवलोकन किया और रिकॉर्ड बनाए जाने की घोषणा की। इसके बाद टीम द्वारा प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि मां शारदा की नगरी मैहर की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
गौरव दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने मैहर की सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया के सामने नई ऊंचाई प्रदान की। 3,430 छात्राओं की सामूहिक कथक प्रस्तुति लंबे समय तक मैहर के इतिहास में गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद की जाएगी।

