बैठक में बार-बार वाशरूम जाने पर कमिश्नर नाराज, अधिकारियों का कराया ब्लड शुगर टेस्ट
मैहर में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों का शुगर टेस्ट, बार-बार वाशरूम जाने पर कमिश्नर ने दिए निर्देश
मैहर। रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने गुरुवार को मैहर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों के बार-बार वाशरूम जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों का शुगर टेस्ट कराने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को तत्काल एक चिकित्सकीय टीम बैठक स्थल के बाहर तैनात करने के निर्देश दिए। इसके बाद मैहर सिविल अस्पताल से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम कलेक्ट्रेट पहुंची। बैठक के दौरान जो भी अधिकारी वाशरूम के लिए बाहर निकले, उनका ब्लड सैंपल लेकर शुगर की जांच की गई।

बताया जा रहा है कि कमिश्नर का उद्देश्य यह जानना था कि कहीं अधिकारियों के बार-बार वाशरूम जाने का कारण मधुमेह (डायबिटीज) जैसी स्वास्थ्य समस्या तो नहीं है। इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर भी तेज़ी से हो रही है।

कई लोगों ने इसे अधिकारियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल बताया, जबकि कुछ लोगों के बीच इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Varsha Shrivastava 
