E20 Petrol पर केजरीवाल की PM मोदी को चिट्ठी, उठाई बड़ी मांग
अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।
नई दिल्ली। देशभर में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर जारी चर्चा के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगते हुए कहा है कि E20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों के मन में कई सवाल और चिंताएं हैं, जिन पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। केजरीवाल ने मांग की है कि पेट्रोल पंपों पर E20 के साथ सामान्य या बिना एथनॉल वाले पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्राहक अपनी गाड़ी के हिसाब से ईंधन चुन सकें।
केजरीवाल पिछले कई दिनों से इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने पहले E20 पेट्रोल से पुराने वाहनों के माइलेज और इंजन पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल किए थे। इसके बाद वाहन निर्माता कंपनियों से भी स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया। केजरीवाल ने दिल्ली में पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पहुंचकर वाहन चालकों से बातचीत भी की थी। अब उन्होंने इस मामले को प्रधानमंत्री के सामने रखते हुए व्यक्तिगत मुलाकात की मांग की है और कहा है कि E20 से जुड़े तकनीकी पहलुओं के साथ आम लोगों के अनुभवों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
E20 ऐसा ईंधन है जिसमें 80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाया जाता है। केंद्र सरकार एथनॉल मिश्रण को कच्चे तेल के आयात में कमी, पर्यावरण संरक्षण और किसानों के लिए नए आर्थिक अवसरों से जोड़कर देखती है। दूसरी ओर, कुछ वाहन मालिक खासकर पुरानी गाड़ियों में इसके इस्तेमाल को लेकर आशंकाएं जता रहे हैं। इसी बहस के बीच केजरीवाल ने उपभोक्ताओं को ईंधन चुनने की आजादी देने की मांग उठाई है, जिससे E20 पेट्रोल का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।
Anubhav Dubey 
