इंदौर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: कार से 16 पेटी शराब जब्त, चालक मौके से फरार

इंदौर की संयोगितागंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 16 पेटी देशी शराब बरामद की है। पुलिस को देखकर संदिग्ध चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान वाहन से 144 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

इंदौर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: कार से 16 पेटी शराब जब्त, चालक मौके से फरार

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की संयोगितागंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गश्त के दौरान घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार से 16 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस को आते देख आरोपी तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। जब्त की गई शराब और कार की कुल कीमत लाखों में बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल..
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, संयोगितागंज थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर नियमित गश्त और चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पक्का इनपुट मिला कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।

सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर एक कार को चिन्हित किया और उसे घेरा। पुलिस को अपनी तरफ आता देख वाहन के पास खड़ा एक संदिग्ध व्यक्ति घबरा गया और मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया।

कार की डिक्की और पिछली सीट से मिली 16 पेटियां..
संदेह पक्का होने पर पुलिस ने कार की जांच की, जिसके सभी दरवाजे और डिक्की पूरी तरह लॉक थे। कांच से अंदर देखने पर पुलिस को शराब की पेटियां दिखाई दीं, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार का लॉक खुलवाया गया।

144 बल्क लीटर शराब..
कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिक्की से देशी मदिरा प्लेन शराब की कुल 16 पेटियां बरामद हुईं।

60 हजार से ज्यादा की कीमत..
प्रत्येक पेटी में 180 मिलीलीटर के 50-50 क्वार्टर (कुल 800 क्वार्टर) पाए गए। जब्त की गई कुल 144 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत ₹60,800 आंकी गई है।

डैशबोर्ड में सबूत छोड़ गया फरार आरोपी..
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जब कार के डैशबोर्ड की तलाशी ली, तो वहां से फरार आरोपी का सुराग हाथ लग गया। डैशबोर्ड से रोहित पंवार नामक युवक का ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

बिना किसी वैध लाइसेंस और परमिट के इतनी बड़ी मात्रा में शराब का परिवहन करने के मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

अमरेंद्र सिंह (एडिशनल डीसीपी, इंदौर) के मुताबिक..
संयोगितागंज पुलिस ने अवैध शराब ले जा रही कार को जब्त किया है। मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर फरार आरोपी रोहित पंवार की शिनाख्त कर ली गई है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।