नाइजीरियन महिला ड्रग तस्करी करते गिरफ्तार, ₹29 लाख की कोकीन जब्त

मुंबई से इंदौर पहुंची नाइजीरियन महिला गिरफ्तार, बैग से 57.18 ग्राम कोकीन बरामद

नाइजीरियन महिला ड्रग तस्करी करते गिरफ्तार, ₹29 लाख की कोकीन जब्त

इंदौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और मुंबई से इंदौर आकर कोकीन की सप्लाई कर रही थी। उसके कब्जे से करीब 29 लाख रुपये कीमत की 57.18 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब महिला के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क और मुंबई-इंदौर सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

दरअसल, चंदन नगर पुलिस द्वारा रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के चलते इलाके में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान आईटी पार्क सिंहासा के पास एक विदेशी महिला काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध हालत में दिखाई दी। पूछताछ में महिला ने अपना नाम इम्यूनल जॉय, निवासी लेगोस, नाइजीरिया और वर्तमान पता बांद्रा ईस्ट, मुंबई बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 57.18 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 29 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने कम कीमत में कोकीन खरीदकर महंगे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की है। महिला 14 अगस्त 2026 को बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और फरवरी 2027 तक रहने की अनुमति थी। पुलिस उसके पासपोर्ट, वीजा, इमिग्रेशन रिकॉर्ड और विदेशी यात्राओं का सत्यापन कर रही है। साथ ही मोबाइल डेटा और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सप्लायर और अन्य संपर्कों की तलाश की जा रही है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।