नवरात्रि से पहले ‘गरबा पार्टनर’ के नाम पर ऑनलाइन ठगी का खतरा : इंदौर क्राइम ब्रांच ने जारी की एडवाइजरी
Garba Partner Online Fraud : कुछ प्लेटफॉर्म गरबा आयोजनों और नवरात्रि फेस्टिवल की जानकारी देने का दावा भी कर रहे हैं। लेकिन इन सेवाओं की वास्तविकता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Garba Partner Online Fraud : मध्य प्रदेश। इंदौर में शारदीय नवरात्रि शुरू होने से पहले ऑनलाइन ‘गरबा पार्टनर’ तलाशने के विज्ञापन सोशल मीडिया और वेबसाइट्स पर तेजी से सामने आ रहे हैं। इन विज्ञापनों में गरबा और डांडिया पार्टनर उपलब्ध कराने के साथ ऑनलाइन मैचिंग की सुविधा देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन ऑफर्स की आड़ में साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दरअसल, नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया खेलने के लिए पार्टनर तलाशने के नाम पर कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म विज्ञापन दिखा रहे हैं। इनमें इंदौर के साथ अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, जयपुर, भोपाल, मुंबई और दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों के विकल्प भी दिए जा रहे हैं।

कुछ प्लेटफॉर्म गरबा आयोजनों और नवरात्रि फेस्टिवल की जानकारी देने का दावा भी कर रहे हैं। लेकिन इन सेवाओं की वास्तविकता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को ऐसे लुभावने और भ्रामक विज्ञापनों से दूर रहने की सलाह दी है।

पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग इस तरह के ऑफर्स के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं। ऐसे में किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, निजी जानकारी साझा करने या बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।



