इंदौर में भाजपा का बड़ा प्रशिक्षण वर्ग: 4 मुख्यमंत्री और 7 राज्यों के अध्यक्ष होंगे शामिल

इंदौर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग में 4 मुख्यमंत्री और 7 राज्यों के अध्यक्ष शामिल होंगे. डेली कॉलेज में आयोजित इस कार्यशाला में 300 से अधिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं.

इंदौर में भाजपा का बड़ा प्रशिक्षण वर्ग: 4 मुख्यमंत्री और 7 राज्यों के अध्यक्ष होंगे शामिल

इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक महाअभियान के तहत आज एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है. इस विशेष कार्यशाला में देश के 4 मुख्यमंत्री और 7 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे, जिससे कार्यक्रम की अहमियत और बढ़ गई है. यह प्रशिक्षण वर्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जिला स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए विषय वक्ताओं को तैयार करना है. 

भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद 

इंदौर के डेली कॉलेज में आयोजित इस पश्चिम मध्य क्षेत्रीय कार्यशाला में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे.

इसके साथ ही मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, गोवा प्रदेश अध्यक्ष दामोदर ‘दामु’ नाइक और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, सांसद और महापौर भी इस कार्यशाला में भाग ले रहे हैं.

कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने पर जोर

कार्यशाला को अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया गया है, जिसमें संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया जा रहा है. इस प्रशिक्षण वर्ग में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, दमन-दीव और दादरा एवं नगर हवेली समेत छह राज्यों के 348 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए हैं.

भाजपा द्वारा पहले ही मंडल स्तर के प्रशिक्षण पूरे किए जा चुके हैं, और अब जिला स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे. इसी उद्देश्य से विषय विशेषज्ञों को तैयार करने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है.

कार्यक्रम को लेकर डेली कॉलेज परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है. सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतिभागियों के मोबाइल फोन बाहर ही जमा कराए जा रहे हैं, जो प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वापस दिए जाएंगे.