INDIA ब्लॉक की 7वीं बड़ी बैठक में जुटे 23 दल, 3 साल में साथ छोड़ गईं 3 प्रमुख पार्टियां

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की 7वीं बैठक में 23 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति और विपक्षी एकता को मजबूत करने पर चर्चा हुई। हालांकि, गठबंधन की मजबूती पर सवाल भी उठ रहे हैं क्योंकि पिछले तीन वर्षों में जेडीयू, आम आदमी पार्टी और डीएमके जैसे तीन प्रमुख दल INDIA ब्लॉक से अलग हो चुके हैं। इस बीच कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सभी दलों का उद्देश्य एक है और विपक्षी एकता पहले से मजबूत है।

INDIA ब्लॉक की 7वीं बड़ी बैठक में जुटे 23 दल, 3 साल में साथ छोड़ गईं 3 प्रमुख पार्टियां

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की 7वीं बैठक चल रही है, जिसमें विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। बैठक में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और ममता बनर्जी मौजूद हैं।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले भी बैठक में पहुंची हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस बैठक में INDIA गठबंधन के 23 विपक्षी दलों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

बैठक से पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK को भी बुलाया जा सकता है, लेकिन सूत्रों के अनुसार पार्टी को इस बैठक का निमंत्रण नहीं दिया गया। गौरतलब है कि INDIA ब्लॉक की पिछली बैठक 1 जून 2024 को दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई थी। करीब दो साल बाद गठबंधन के प्रमुख नेता एक बार फिर एक साथ बैठक कर रहे हैं।

इस बीच महाराष्ट्र के बारामती में एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मौजूदा समय में INDIA ब्लॉक के सभी दलों को एकजुट बनाए रखना सबसे जरूरी है। उनका मानना है कि विपक्ष की मजबूती उसकी एकता में ही है।

3 साल में INDIA ब्लॉक से तीन बड़े दल हुए अलग

INDIA ब्लॉक की बैठक के बीच गठबंधन की मजबूती को लेकर भी चर्चा हो रही है। पिछले तीन वर्षों में गठबंधन से तीन प्रमुख राजनीतिक दल अलग हो चुके हैं, जिससे विपक्षी एकता को लेकर सवाल उठते रहे हैं।  जेडीयू, आम आदमी पार्टी  और डीएमके  गठबंधन से अलग हो चुके हैं। जेडीयू जनवरी 2024 में एनडीए में लौट गई, जबकि आम आदमी पार्टी  सीट शेयरिंग विवाद के बाद अलग हुई। वहीं, डीएमके ने कांग्रेस से मतभेदों के चलते दूरी बना ली। इससे INDIA ब्लॉक की एकजुटता पर सवाल उठ रहे हैं।

बैठक को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम. वीरप्पा मोइली ने कहा कि 23 से ज्यादा दल एक मंच पर आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर अलग-अलग दलों की राय भले अलग हो सकती है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर सभी का उद्देश्य एक ही है और यही गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक में 23 दलों के साथ कपिल सिब्बल भी पहुंचे

INDIA ब्लॉक की इस बैठक में 23 राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल भी बैठक में शामिल हुए। गठबंधन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, आरजेडी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना, एनसीपी , सीपीआई , सीपीआई समेत कई अन्य क्षेत्रीय दल शामिल हैं।