राज्यसभा चुनाव: तीसरी राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस और बीजेपी उम्मीदवार ने भरा नामांकन
मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन और बीजेपी कैंडिडेट महेश केवट ने नामांकन ने भर दिया है।
मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों उम्मीदवारों ने नामांकन भर दिया है। कांग्रेस की तरफ से मीनाक्षी नटराजन तो वहीं बीजेपी की तरफ से महेश केवट मैदान में हैं।
कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन ने भरा
सोमवार को कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन ने एमपी की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और अन्य विधायक मौजूद रहे। जीतू पटवरी खुद एक-एक विधायक को रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में लेकर गए।

मिनाक्षी नटराजन ने नामांकन भरने से पहले विधानसभा परिसर में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया। वहीं, नामांकन के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा- हम सब एकजुटता से लड़ेंगे और जीतेंगे।
भाजपा की तरफ से उम्मीदवार महेश केवट ने भरा नामांकन
इधर बीजेपी की तरफ से कैंडिडेट महेश केवट ने भी नामांकन भर दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी विधायक, विधानसभा में मौजूद रहे। इस दौरान सीएम ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है भारतीय जनता पार्टी अपने तीसरे प्रत्याशी को भी विजय मार्ग पर लेकर चलेगी।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि हमारे पास एक्सट्रा वोट हैं, इसलिए हमने अपना उम्मीदवार उतारा। जो लोग विकास चाहते हैं, वो हमारे कैंडिडेट को वोट देंगे। वहीं, पार्टी उम्मीदवार महेश केवट ने कहा- राष्ट्रीय नेतृत्व ने इतनी महत्वपूर्ण जवाबदारी के लिए मुझे चुना है। मुझे जो जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसे शत प्रतिशत निभाउंगा।
नरेश ज्ञानचंदानी का इस्तीफा, निर्मला सप्रे पहुंची CM हाउस
इधर राज्यसभा चुनाव के नामांकन के बीच दोनों ही पार्टियों में राजनीतिक हलचल देखी गई। एक तरफ बीना विधायक निर्मला सप्रे मुख्यमंत्री से मिलने सीएम हाउस गई थीं। हालांकि, यहां क्या चर्चा हुई, इसका पता नहीं चल सका है। लेकिन, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि निर्मला सप्रे राज्यसभा चुनाव में बीजेपी का साथ देंगी।
दूसरी तरफ, भोपाल की हुजूर सीट से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके दिग्विजय सिंह के समर्थक नरेश ज्ञानचंदानी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि वे मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें - कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी का इस्तीफा, 37 साल बाद छोड़ा...
भाजपा के 2 उम्मीदवार पहले ही कर चुके हैं नामांकन
इससे पहले शनिवार को बीजेपी उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। सीएम हाउस में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी भाजपा विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए हैं।

