ISI जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश! दिल्ली में पति-पत्नी गिरफ्तार, PAKभेजते थे भारतीय सिम कार्ड

पुलिस के अनुसार, साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के बीच आठ भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे। इसके बदले उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिलने का आरोप है।

ISI जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश! दिल्ली में पति-पत्नी गिरफ्तार, PAKभेजते थे भारतीय सिम कार्ड

Delhi ISI spy network : नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित कथित खुफिया नेटवर्क से जुड़े एक दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे। जांच में सामने आया है कि दंपति ने कथित तौर पर पाकिस्तान को आठ भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे।

दुबई के रास्ते भेजे सिम कार्ड

पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के बीच आठ भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे। इसके बदले उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिलने का आरोप है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि इन सिम कार्ड से पाकिस्तान में व्हाट्सऐप अकाउंट एक्टिवेट किए गए। इन अकाउंट का इस्तेमाल भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल होने और संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए किया गया।

साहिल पर रेकी का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, साहिल को भारत के अलग-अलग इलाकों में छावनी क्षेत्रों की रेकी करने का काम भी सौंपा गया था। उस पर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने का आरोप है। स्पेशल सेल को दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और मॉड्यूल से जुड़े लोगों की पहचान की गई।

मोबाइल से मिली आपत्तिजनक चैट

साहिल के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ कथित आपत्तिजनक बातचीत मिली। पूछताछ में पुलिस को उसके सोशल मीडिया संपर्कों और नेटवर्क से जुड़ने की जानकारी मिली।

इसके बाद उसकी पत्नी समीरा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि सिम कार्ड उपलब्ध कराने और नेटवर्क को लॉजिस्टिक मदद देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

जांच में नेटवर्क की कार्यप्रणाली सामने आई

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स और स्थानीय लोगों के बीच संपर्क की जानकारी मिली है। जांच एजेंसी अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से कथित जासूसी नेटवर्क की संरचना और उसके काम करने के तरीके से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।