Rajgarh Accident : ब्यावरा में ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकराई बस; सायबर इंस्पेक्टर समेत 4 की दर्दनाक मौत
Rajgarh Accident : भोपाल बायपास ब्रिज पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकरा गई। ऊपर की स्लीपर सीटों पर सवार लोग खिड़कियां टूटने से ब्रिज के नीचे गिर गए।
Rajgarh Accident : मध्य प्रदेश। राजगढ़ के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। भोपाल बायपास ब्रिज पर करीब 8.30 बजे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ब्रिज की दीवार से टकरा गई। हादसे के दौरान बस में ऊपर की स्लीपर सीटों पर बैठे कई यात्री खिड़कियां टूटने से नीचे जा गिरे। कुछ यात्री ब्रिज पर भी गिर गए। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में सायबर इंस्पेक्टर समेत चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
ड्राइवर और साइबर इंस्पेक्टर की मौत
बताया गया कि बस कानपुर से इंदौर जा रही थी। हादसे में जान गंवाने वालों में बस का ड्राइवर और बेंगलुरु में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी भी शामिल हैं। रवि केबी अपने साथियों के साथ एक आरोपी को पकड़ने के लिए इंदौर आ रहे थे।
उनके साथ टीम में शामिल विश्वनाथ और रमेश भी हादसे में घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में घायल 11 लोगों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
90 डिग्री के घुमावदार ओवर ब्रिज पर तिरछी हुई बस रगड़ाती गई......3 की मौत
— sunita dhangar (@dhangarranglal2) August 28, 2026
ओवर ब्रिज 90 डिग्री कोण जैसा कैसे बना दिया इंजीनियरों ने??
ब्यावरा इंदौर बायपास पर बने 90 डिग्री के घुमावदार ओवर ब्रिज पर तिरछी हुई बस रगड़ाती गई......!
सूत्रों के अनुसार कई बस यात्री ब्रिज के ऊपर से ही… pic.twitter.com/1VRBlTY6H7
ब्रिज के नीचे गिरे यात्री
बस के ब्रिज की दीवार से टकराने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ऊपर की सीटों पर बैठे कुछ लोग बस की खिड़कियां टूटने के कारण नीचे गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क और ब्रिज के आसपास यात्री घायल अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया।
गंभीर स्थिति वाले चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मौके पर राहत कार्य के साथ दुर्घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।
ओवरस्पीड से हादसे की आशंका
एसपी अमित तोलानी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल बायपास ब्रिज पर कर्व है। इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई।
हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बस की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना से पहले चालक ने नियंत्रण खोने के बाद क्या प्रयास किए थे।
मंत्री और एसपी ने घायलों का हाल जाना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और एसपी अमित तोलानी ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचे। दोनों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति और उपचार की जानकारी भी ली।
मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्रिज के कर्व पर संकेतक और ब्रेकर लगाने को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

