5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, बोरे में बंद मिली, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के उतई में एक दरिंदे ने 5 साल की मासूम को चॉकलेट का लालच देकर अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म की हैवानियत को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मासूम को बोरे में बंद स्थिति में बरामद कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ अपहरण के बाद दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मामला शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे का है। आरोपी बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, गाँव के दो युवकों को कुएं के पास एक संदिग्ध बोरा हिलता हुआ दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। जब बोरा खोला गया तो बोरे के अंदर मासूम बच्ची मिली। उसका मुँह तकिया कवर से कसकर बँधा हुआ था। बच्ची बदहवास और बेहद डरी हुई स्थिति में मिली। इस मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर कड़ी सजा की मांग की है। फिलहाल बच्ची का उपचार जारी है और एफएसएल (FSL) की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है।


