Bhopal: 10 नंबर मार्केट में व्यापारी ने खुद को लगाई आग
भोपाल के 10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पक्षपात का आरोप लगाते हुए एक व्यापारी ने आत्मदाह की कोशिश की। इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
भोपाल के 10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी, तभी एक व्यापारी ने खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, जिसके बाद घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दरअसल, भोपाल में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई चल रही है। इसी दौरान अधिकारी सृष्टि भदौरिया की टीम द्वारा 10 नंबर मार्केट में चिह्नित दुकानों पर तोड़फोड़ की जा रही थी। बस इसी कार्रवाई से नाराज होकर एक दुकानदार ने खुद के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली।
इस घटना के बाद वहां मौजूद कई व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारी कार्रवाई का विरोध करने लगे; उनका आरोप है कि कार्रवाई सिर्फ कुछ दुकानों को चिह्नित कर की जा रही है, जो कि पक्षपात है।
इस घटना के बाद से कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का सवाल है कि आखिर चुनिंदा दुकानों पर ही क्यों यह कार्रवाई की जा रही है? फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

