सिंगरौली: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस का एकदिवसीय उपवास

राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन नामांकन रद्द के विरोध में सिंगरौली में गरजी कांग्रेस, लोकतंत्र की रक्षा की उठाई मांग

सिंगरौली: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस का एकदिवसीय उपवास

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माजन मोड़ पर एकदिवसीय उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने बिना किसी ठोस और वैधानिक आधार के मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया है। पार्टी का दावा है कि उनके खिलाफ ऐसा कोई मामला दर्ज नहीं है, जिसके आधार पर उनकी उम्मीदवारी खारिज की जा सके। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक और संविधान की भावना के विपरीत बताया।

फैसला लोकतंत्र पर सीधा प्रहार और निष्पक्षता पर सवाल

कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि यह फैसला लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है और इससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर एक महिला नेता के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है।

इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह, रेनू शाह, राम अशोक शर्मा, सुरेश दुबे, रूपेश चंद्र पांडे, अनिल सिंह चंदेल, विजय कुमार, कृष्णा सिंह परिहार, शालिनी श्रीवास्तव, सुष्मा वर्मा, संध्या सिंह, सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।