सिंगरौली में भीषण हादसा: अल्ट्राटेक सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर पलटा, रेस्क्यू कर बचाई गई ड्राइवर की जान 

सिंगरौली के जियावान थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अल्ट्राटेक सीमेंट से भरा ट्रेलर पलटा से हुआ भीषण हादसा, केबिन में फंसे ड्राइवर को पुलिस और जनता ने सुरक्षित बाहर निकाला

सिंगरौली में भीषण हादसा: अल्ट्राटेक सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर पलटा, रेस्क्यू कर बचाई गई ड्राइवर की जान 

सिंगरौली। जिले के जियावान थाना इलाके में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हथिओदरा-चौराडाड़ जंगल रास्ते पर अल्ट्राटेक सीमेंट से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का ड्राइवर गाड़ी के अंदर ही पिचके हुए केबिन में बुरी तरह फंस गया।

केबिन में फंसे ड्राइवर को पुलिस ने बचाया

यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जब पलटे हुए ट्रेलर को देखा, तो वे तुरंत मदद के लिए दौड़े और ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए। साथ ही स्थानीय लोगों ने तुंरत पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 और जियावान थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। ड्राइवर के अंदर फंसे होने के कारण युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर और दूसरे औजारों का इस्तेमाल कर ट्रेलर के पिचके हुए दरवाजे को तोड़ा। इसके बाद ट्रैक्टर में मजबूत रस्सी बांधकर केबिन के हिस्से को खींचा गया, तब कहीं जाकर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई

जियावान थाना प्रभारी शेषमणि द्विवेदी ने बताया कि घायल चालक को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन समय पर रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई। ड्राइवर को तुरंत इलाज के लिए देवसर अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका प्राथमिक इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर हादसे की वजह गाड़ी की तेज रफ्तार लग रही है, फिर भी दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे के बाद रास्ते पर कुछ देर के लिए जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।