भोपाल-पचमढ़ी में अंतरराष्ट्रीय स्काउट कार्यक्रम की शुरुआत, 7 देशों के 80 युवा प्रतिनिधि शामिल
भोपाल और पचमढ़ी में आयोजित बिम्सटेक यूथ प्रोग्राम 2026 में 7 देशों के 80 युवा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिसमें सांस्कृतिक विरासत और सतत विकास पर फोकस किया गया है.
भोपाल और हिल स्टेशन पचमढ़ी में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के बिम्सटेक यूथ कल्चरल हेरिटेज और सस्टेनेबल डेवलपमेंट प्रोग्राम-2026 का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम 17 से 23 मार्च तक भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है.
कार्यक्रम का उद्घाटन भोपाल के मिंटो हॉल में हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में बिम्सटेक के सात सदस्य देशों बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के करीब 80 युवा प्रतिनिधि अपने अधिकारियों और आयोजन दल के साथ भाग ले रहे हैं. कार्यक्रम का आयोजन भोपाल स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट और पचमढ़ी में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र, होटल साइट्रस प्राइम और होटल नीलंबर में किया जाएगा.

"विरासत, प्रकृति और सतत भविष्य के लिए नेतृत्व" विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और नेतृत्व कौशल से जोड़ना है. इसके तहत प्रतिभागियों को संरचित अनुभवात्मक शिक्षा के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी भोपाल और पचमढ़ी के प्रमुख ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। साथ ही पचमढ़ी में विभिन्न साहसिक और प्रकृति आधारित गतिविधियों में भी भाग लेंगे, जिससे अंतर-सांस्कृतिक समझ और सतत विकास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा. भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर के.के. खंडेलवाल ने बताया कि यह पिछले 14 महीनों में आयोजित तीसरा प्रमुख बिम्सटेक युवा कार्यक्रम है. यह पहल क्षेत्रीय सहयोग, सांस्कृतिक जुड़ाव और सतत विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है.
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से मध्यप्रदेश को युवा कूटनीति और पर्यावरणीय नेतृत्व के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी.
shivendra 
