भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म 6 पर यात्री बेहाल, ऑटो स्टैंड दूर होने से बढ़ी परेशानी; कांग्रेस ने उठाए सवाल
भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर ऑटो स्टैंड दूर होने और जलभराव से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता प्रवीण धौलपुरे ने रेलवे प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
भोपाल।मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का रेलवे स्टेशन प्रदेश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शुमार है। हर दिन हजारों यात्री यहां से सफर करते हैं, लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर-6 से बाहर निकलने वाले यात्रियों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में हालात और चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं।
प्लेटफॉर्म नंबर-6 से बाहर आने वाले यात्रियों के लिए ऑटो स्टैंड करीब 250 से 300 मीटर दूर स्थित है। ऐसे में बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार मरीज, महिलाएं, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवार और भारी सामान लेकर चलने वाले लोगों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। बारिश होने पर यही रास्ता जलभराव और कीचड़ से भर जाता है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है।
स्टेशन परिसर के बाहर एक ओर मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर जलभराव की समस्या लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। हमीदिया रोड की तरफ निकलते ही कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे आवाजाही प्रभावित होती है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, दिव्यांगों और इलाज के लिए आने वाले मरीजों पर पड़ता है।
इस मुद्दे को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे ने सरकार और रेलवे प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजधानी के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर-6 की स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है।
-प्रवीण धौलपुरे ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, डीआरएम भोपाल, भोपाल सांसद, महापौर, जिला प्रशासन और नरेला विधायक विश्वास सारंग से मांग करते हुए कहा कि—
-प्लेटफॉर्म नंबर-6 के प्रवेश द्वार के पास कम से कम 25 ऑटो का स्थायी स्टैंड बनाया जाए।
-यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-6 के गेट तक पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
-बारिश के मौसम को देखते हुए इस व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि राजधानी के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सुविधाएं मिलना उनकी बुनियादी आवश्यकता है। यदि प्रतिदिन हजारों लोग इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं, तो उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Anubhav Dubey 
