BHOPAL: सर्वर डाउन और गेट बंद होने से कई अभ्यर्थी NDA परीक्षा से वंचित

भोपाल में NDA, NA और CDS परीक्षा के दौरान सर्वर डाउन और सख्त एंट्री नियमों के कारण कई अभ्यर्थी फेस ऑथेंटिकेशन न होने से परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। अरेरा कॉलोनी के परीक्षा केंद्र पर गेट समय से पहले बंद होने के आरोप लगे, जिससे कई कैंडिडेट्स को वापस लौटना पड़ा।

BHOPAL: सर्वर डाउन और गेट बंद होने से कई अभ्यर्थी NDA परीक्षा से वंचित
public vani

भोपाल:देशभर में 12 अप्रैल को NDA, NA और CDS की परीक्षाएं आयोजित की गईं। भोपाल के 12 परीक्षा केंद्रों पर भी एग्जाम कराया गया, जहां कुल 5810 अभ्यर्थी शामिल हुए। हालांकि इस दौरान कई कैंडिडेट्स परीक्षा देने से वंचित रह गए।

गेट समय से पहले बंद होने के आरोप

अरेरा कॉलोनी स्थित शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुबह 9:30 बजे से ही गेट बंद कर दिए गए। इससे कई अभ्यर्थियों को बाहर से ही लौटना पड़ा। कैंडिडेट्स ने आरोप लगाया कि तय समय से पहले ही प्रवेश बंद कर दिया गया।

सर्वर डाउन से फेस ऑथेंटिकेशन प्रभावित

इस बार परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन, मेटल डिटेक्टर जांच और कड़े प्रवेश नियम लागू किए गए थे। लेकिन संबंधित केंद्र पर सर्वर डाउन होने के कारण कई अभ्यर्थियों का फेस ऑथेंटिकेशन नहीं हो सका। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इसी वजह से कुछ स्टूडेंट्स को प्रवेश नहीं दिया जा सका।

“मेरा एक साल बर्बाद हो गया” -अभ्यर्थी

सीहोर से परीक्षा देने आए छात्र अनमोल चंद्रवंशी ने बताया कि वे गाड़ी पार्क करने गए थे, लेकिन लौटने तक गेट बंद हो चुका था। उनका आरोप है कि गेट निर्धारित समय से 5–10 मिनट पहले ही बंद कर दिया गया, जिससे वे परीक्षा नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि इससे उनका एक साल बर्बाद हो गया।

अभ्यर्थी बोले-पेपर न आसान, न ज्यादा कठिन रहा

अभ्यर्थी शिवांश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने एनडीए का पहला पेपर (मैथ्स) दिया। उनके अनुसार शुरुआत और अंतिम सेक्शन अच्छे गए, जबकि बीच के कुछ प्रश्न थोड़े ट्रिकी थे, लेकिन हल करने योग्य थे। कुल मिलाकर पेपर न ज्यादा आसान था और न ही ज्यादा कठिन। यह उनका पहला प्रयास था।

पहले प्रयास में मिला मध्यम स्तर का पेपर

अभ्यर्थी हर्षिता चौधरी ने बताया कि यह उनका पहला प्रयास था और उन्हें ज्यादा अनुभव नहीं था। उनके अनुसार गणित का पेपर मध्यम स्तर का रहा।