भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, ट्रॉफियां और शील्ड लेकर फरार चोर
भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी की वारदात, स्टोर रूम से ट्रॉफियां और शील्ड चोरी. CCTV न होने से जांच में दिक्कत, पुलिस कर रही जांच.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. प्रदेश के खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया. जानकारी के अनुसार, यह चोरी 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात को हुई. चोर बंगला परिसर में बने स्टोर रूम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड लेकर फरार हो गए. इस घटना का खुलासा 6 अप्रैल की सुबह हुआ.
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल की सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड ने स्टोर रूम का निरीक्षण किया तो ताला टूटा मिला. अंदर रखे सामान गायब थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मामले की जांच टीटी नगर थाना पुलिस कर रही है. थाना प्रभारी गौरव दोहरे के अनुसार, चोरी हुई ट्रॉफियां और मोमेंटो मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मान स्वरूप मिले थे. फिलहाल इनकी कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है.
CCTV नहीं होने से बढ़ी चुनौती
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस स्टोर रूम में चोरी हुई, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे थे. इस वजह से आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है. पुलिस अब आसपास के घरों और सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
shivendra 
