सीने में स्टेप्लर लगा कर बुजुर्ग महिला को चलती कार से फेंका, हालत गंभीर
भोपाल में कार सवारों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मध्यप्रदेश के भोपाल से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बीती रात लहारपुर ब्रिज के पास कार सवारों ने 60 साल की बुजुर्ग महिला को चलती कार से बाहर फेंक दिया। महिला के सीने में स्टेप्लर की पिन भी लगी हुई थी, जिससे खून बह रहा था। महिला 22 घंटे से बेहोश थी, जिसके बाद तुरंत उसे हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां बुजुर्ग महिला का इलाज चल रहा है।
मामला बाग सेवनिया थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार-सोमवार की रात करीब ढाई बजे एक कार लहारपुर ब्रिज के पास नाले के किनारे पहुंची और उसमें से आरोपियों ने एक बुजुर्ग महिला को खून से लथपथ बाहर फेंक दिया। इसके बाद कार और आरोपी फरार हो गए।
हॉस्पिटल में ले जाने के बाद जब महिला से उसका नाम पूछा गया, तो वह सिर्फ “सलकनपुर” ही बोल पा रही है। हालांकि, महिला के हाथ पर उसका नाम गुदा हुआ मिला है, लेकिन महिला कौन है और कहां से आई है, इसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
जब स्थानीय लोगों ने महिला को देखा, तो इसकी जानकारी पुलिस और संस्था को दी गई, जिसके बाद संस्था के मोहन सोनी और पारस मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल महिला को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और पुलिस महिला की पहचान और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

