BHOPAL: तीज-त्योहारों की तिथियों को लेकर ज्योतिषाचार्यों का मंथन

भोपाल में आयोजित ज्योतिष संगोष्ठी में तीज-त्योहारों की तिथियों में एकरूपता लाने को लेकर ज्योतिषाचार्यों ने मंथन किया और वैज्ञानिक व पारंपरिक गणनाओं के समन्वय पर जोर दिया।

BHOPAL: तीज-त्योहारों की तिथियों को लेकर ज्योतिषाचार्यों का मंथन

भोपाल: परशुराम मंदिर में आज देवोत्तर सेवा संस्थान द्वारा ज्योतिष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए ज्योतिषाचार्यों एवं पंचांग कर्ताओं ने भाग लिया।

तिथियों में एकरूपता पर गहन चर्चा

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्वानों ने तीज-त्योहारों की तिथियों में एकरूपता लाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया। ज्योतिषाचार्यों एवं पंचांग निर्माताओं ने अपने-अपने गणितीय आधार प्रस्तुत करते हुए इस विषय पर विस्तृत मंथन किया, ताकि आमजन को पर्व-तिथियों को लेकर होने वाली भ्रम की स्थिति से राहत मिल सके।

प्रमुख विद्वानों की रही सहभागिता

इस मंथन में प्रमुख रूप से परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजोरिया ,पंडित हेमचंद पांडे, पंडित नरेंद्र दीक्षित, पंडित पुरुषोत्तम शास्त्री, पंडित गंगाराम शास्त्री, ज्योतिषाचार्य पंडित जगदीश शर्मा एवं पंडित प्रमोद शास्त्री (बैरसिया) की विशेष सहभागिता रही।

मुख्य अतिथि ने किया सम्मान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री पंडित पी.सी. शर्मा रहे। इस अवसर पर विद्वान ज्योतिषाचार्यों का शॉल, श्रीफल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मान भी किया गया।मीडिया प्रभारी पंडित जगदीश शर्मा के अनुसार कार्यक्रम की संयोजिका किरण शर्मा ने स्वागत भाषण दिया, वहीं संस्थान के डायरेक्टर विनोद मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

वैज्ञानिक और पारंपरिक गणना के समन्वय पर जोर

संगोष्ठी में यह भी विचार रखा गया कि वैज्ञानिक एवं पारंपरिक गणनाओं के समन्वय से एक समान तिथि निर्धारण की दिशा में प्रयास किए जाएं। कार्यक्रम में सभी विद्वानों ने भविष्य में भी इस प्रकार के मंथन जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।