मैहर: आग बुझाने गए किसान की करंट लगने से मौत, खेत में हुआ दर्दनाक हादसा

अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरवार में खेत में लगी आग बुझाने के दौरान एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई।

मैहर: आग बुझाने गए किसान की करंट लगने से मौत, खेत में हुआ दर्दनाक हादसा

मैहर। जिले के अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरवार में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत में लगी आग बुझाने के दौरान एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, नरवार कला निवासी हरीदीन कुशवाहा (45 वर्ष), पिता बाबूलाल कुशवाहा के गेहूं के खेत में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। आग बुझाने के लिए किसान बोरिंग पंप चालू करने खेत पहुंचा था। इसी दौरान स्टाटर के पास गिरी बिजली की तार के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लग गया।

करंट लगने से किसान खेत में ही गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना देहात थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।