Iran Israel War Update: 742 लोगों की मौत, अमेरिकी दूतावास पर हमला, ट्रंप की चेतावनी

इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष तेज हो गया है, ईरान में अब तक 742 मौतें और 750 से अधिक घायल हुए हैं। ईरान ने रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला किया, अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई में ईरान के 1,250 से अधिक ठिकानों पर बमबारी की और मिडिल ईस्ट में अमेरिकी नागरिकों को देश छोड़ने की चेतावनी दी।

Iran Israel War Update: 742 लोगों की मौत, अमेरिकी दूतावास पर हमला, ट्रंप की चेतावनी
google

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष जारी है। आज युद्ध का चौथा दिन है। इस बीच ईरान में अब तक 742 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से 176 बच्चे शामिल हैं। साथ ही ईरान में 750 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। खामेनेई की मौत से बौखलाए ईरान ने अब सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला कर दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा को देखते हुए मिडिल ईस्ट में रह रहे अमेरिका के सभी नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा है। ट्रंप ने ईरान पर अभी सबसे बड़े हमले की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान से जंग अभी 4-5 हफ्ते चल सकती है, लेकिन जरूरत पड़ने पर युद्ध और समय के लिए भी जारी रह सकता है।

अमेरिका-ईरान युद्ध का असर अब पाकिस्तान पर भी देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने सभी वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए हैं। ये नियम फिलहाल कुछ दिनों तक लाहौर और कराची के दफ्तरों पर भी लागू रहेगा। बता दें कि बीते दिनों खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भी उनके समर्थन में विरोध प्रदर्शन हुए थे। ये प्रदर्शन कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर हुआ था।

युद्ध में अमेरिका को भी नुकसान हुआ है। यूएस सेंट्रल कमांड के अनुसार, जंग में अमेरिका के अब तक छह सैन्यकर्मी मारे गए हैं। वहीं अमेरिका ने ऑपरेशन शुरू होने के बाद ईरान के करीब 1,250 से ज्यादा ठिकानों पर बमबारी की है। वहीं ईरान की मीडिया ने भी अमेरिका पर ईरान के स्कूलों पर हमला करने के आरोप लगाए हैं।

ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका ने मिनाब में एक लड़कियों के स्कूल पर हमला किया, जिसमें 168 लोग, जिनमें ज्यादातर स्कूली लड़कियां थीं, मारे गए हैं। साथ ही अमेरिका पर तेहरान के एक अस्पताल पर भी हमला करने का आरोप है। इस हमले पर अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो का कहना है कि इस हमले की जांच चल रही है, लेकिन अमेरिका स्कूल और अस्पताल को "जानबूझकर निशाना नहीं बनाएगा।"