बैंकॉक के बार में भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल
थाईलैंड के पब में आग का कहर, धुएं से दम घुटने से कई की मौत, जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे पार्टी कर रहे लोग
बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी में एक बार में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। 12 जुलाई की देर रात चातुचक जिले में स्थित एक लोकप्रिय बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के समय बार में बड़ी संख्या में लोग पार्टी कर रहे थे। अचानक लगी आग के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली के सिस्टम में खराबी बताई जा रही है। हालांकि, हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फायर ब्रिगेड को रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
सर्किट ब्रेकर से निकला धुआं, फिर हुआ जोरदार धमाका
घटनास्थल पर मौजूद एक म्यूजीशियन ने बताया कि आग लगने से कुछ समय पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके बाद अचानक धमाके जैसी आवाज आई और देखते ही देखते पूरे बार में घना धुआं फैल गया। लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने के बाद कई लोग बार के पिछले हिस्से में मौजूद टॉयलेट में जाकर छिप गए। उन्हें उम्मीद थी कि वहां वे सुरक्षित रह पाएंगे, लेकिन धुआं भर जाने के कारण कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। राहत और बचाव दल ने बाद में वहां से कई शव बरामद किए।
आग की चपेट में आया पूरा बार, अंदर का सामान खाक
आग लगने के बाद बार के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारत से ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। कई लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते नजर आए। आग बुझने के बाद अंदर की तस्वीरों में फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जली हुई दिखाई दीं।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के बाद भी इमारत के कई हिस्सों में धुआं भरा हुआ था। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे दिखाई दिए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सजावट से तेजी से फैली आग की आशंका
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने कहा कि बार की छत पर लगी ज्वलनशील सजावट के कारण आग तेजी से फैल सकती है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी एग्जिट के पास कुछ लोग बेहोशी की हालत में मिले थे। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि बाहर निकलने के रास्ते में किसी तरह की बाधा रही होगी।

हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बार में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं और आपातकालीन निकास व्यवस्था पर्याप्त थी या नहीं।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव में की मदद
हादसे के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। मोटरसाइकिल चालक सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उसने जलते हुए बार से करीब पांच लोगों को बाहर निकालने में मदद की। उसने कपड़ों की मदद से लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाई। एक ड्राइवर ने भी बताया कि उसने खिड़कियां तोड़कर दो लोगों को बचाने की कोशिश की। बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और आपातकालीन टीमों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

थाईलैंड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
थाईलैंड में इससे पहले भी मनोरंजन स्थलों में आग की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। साल 2022 में बैंकॉक के दक्षिण में एक पब में लगी आग में 22 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

ताजा हादसे ने एक बार फिर थाईलैंड में बार और नाइटलाइफ स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी अब आग के कारणों, सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
Varsha Shrivastava 
