अक्षय कुमार की बेटी से न्यूड फोटो मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की बेटी नितारा के न्यूड फोटोज मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने मुंबई के आर.डी. नेशनल कॉलेज में बच्चों को साइबर क्राइम को लेकर जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया था। इस इवेंट में ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड, साइबर बुलिंग और फिशिंग अटैक से कैसे बचा जाए, इसे लेकर चर्चा की गई। इसी दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने अक्षय कुमार की बेटी का एक इंसिडेंट शेयर किया।

उन्होंने बताया कि किस तरह उनकी बेटी को ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हैरास किया गया। बच्ची से उसकी न्यूड फोटोज मांगी गईं। ADG यशस्वी यादव ने कहा,
"अक्षय कुमार ने हमारे साथ एक बहुत ही शॉकिंग स्टोरी शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी अपनी बेटी को सेक्सटॉर्शन (Sextortion) का शिकार बनाया जा रहा था। वह बच्ची बहुत बहादुर थी और उसने इस बारे में अपने माता-पिता को बताया। उसके माता-पिता के जरिए ही हमें यह इंफॉर्मेशन मिली और हमने इस केस को हैंडल किया।"

इसके बाद इवेंट में उन्होंने अक्षय कुमार की एक पुरानी क्लिप चलाई, जिसमें अक्षय कुमार अपनी बेटी के साथ हुए इंसिडेंट को शेयर करते दिखे। अक्षय कुमार ने कहा—
"मैं आप सबके साथ एक छोटी सी घटना शेयर करना चाहता हूं। मेरी बेटी ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। कुछ गेम्स ऐसे होते हैं जिन्हें आप अनजान लोगों के साथ भी खेल सकते हैं। खेलते समय आपको मैसेज आते हैं। अचानक एक अज्ञात शख्स ने मेरी बेटी से पूछा 'तुम कहां की हो?' उसने जवाब दिया 'मुंबई'। फिर उसने पूछा'तुम मेल हो या फीमेल?' मेरी बेटी ने रिप्लाई किया 'फीमेल'। इसके बाद उस शख्स ने कहा 'क्या तुम मुझे अपनी न्यूड फोटो भेज सकती हो?' मेरी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर दिया और सीधा मेरी पत्नी (ट्विंकल खन्ना) के पास गई। यह अच्छी बात है कि उसने इस बारे में अपनी मां से बात की।"

ADG यशस्वी यादव ने फिर आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि भी की। उन्होंने बताया कि आजकल बच्चों को डिजिटल वर्ल्ड के बारे में बताना बहुत जरूरी है। अक्षय कुमार ने देवेंद्र फडणवीस से गुजारिश भी की कि स्कूलों में साइबर क्राइम की क्लासेज आयोजित करवाई जाएं।


