आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया? 45 दिन बाद ऐसे खुला पूरा मामला
आगरा में 45 दिन से लापता व्यक्ति का शव घर के बाथरूम के नीचे मिला। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया है। जानिए पूरा मामला, जांच और अब तक की कार्रवाई।
आगरा। केतन मर्डर केस की चर्चा अभी देशभर में जारी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के आगरा से एक और चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है। आरोप है कि रूबी शर्मा ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। करीब 45 दिनों तक सुरेंद्र के लापता होने की कहानी चलती रही, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला सामने आ गया।
#agra अपने पति को मारकर बाथरूम में दबाने के बाद जब पुलिस ने खुदाई शुरू करवाई तो मौके का मंजर देखकर मजदूरों के भी होश उड़ गए।बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान शव देखते ही एक मजदूर घबराकर मौके से भाग गया pic.twitter.com/e8KYumgONO
— जन संवाद 24x7 मीडिया ग्रुप (@jansamvaad24x7) July 4, 2026
पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र शर्मा करीब 45 दिन पहले लापता हो गए थे। उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवार और पुलिस उनकी तलाश में जुटे रहे। इस दौरान रूबी भी लगातार यही कहती रही कि उसे अपने पति के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने रूबी शर्मा के बयानों पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने घर की दोबारा गहन जांच की। बाथरूम में हाल ही में हुई मरम्मत और नई टाइलें पुलिस को संदिग्ध लगीं। जब फर्श खुदवाया गया तो उसके नीचे से सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पूछताछ के बाद रूबी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अभी तक पुलिस ने हत्या के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करीब डेढ़ महीने तक लापता रहे सुरेंद्र शर्मा का शव उसी घर के बाथरूम के नीचे मिलने से यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
Anubhav Dubey 
