हॉस्टल में पानी की समस्या पर भड़के छात्र, NSUI-यूथ कांग्रेस ने सांसद निवास का किया घेराव
रीवा में छात्रावास में पानी की समस्या को लेकर एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस ने सांसद जनार्दन मिश्रा के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि साफ पानी की व्यवस्था न होने से उन्हें गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
छात्रावास की मूलभूत समस्याओं को लेकर आज एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा के निवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हॉस्टल में पानी की गंभीर समस्या को उठाया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि छात्रावास में साफ पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्रों को मजबूरी में गंदा पानी पीना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या की ओर अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया है।

एनएसयूआई टीआरएस महाविद्यालय के जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, लेकिन संगठन छात्रों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।



