6 साल की मासूम से बड़े पापा ने की दरिंदगी, संजय गांधी अस्पताल के ICU में भर्ती
रीवा में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके बड़े पापा द्वारा दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर हालत में पीड़ित बच्ची को संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
रीवा के सिटी कोतवाली थाना इलाके में छह साल की बच्ची से रेप की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि बच्ची का बड़ा पापा (ताऊ) है। मासूम को खिलौनों का लालच देकर उसके साथ दरिंदगी की गई। बच्ची को संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में एडमिट कराया गया है, वहीं आरोपी फरार है।

नाबालिग बच्ची अपने घर में खेल रही थी, उसी वक्त आरोपी उसके पास पहुंचा और उसे नए-नए खिलौने दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, बच्ची को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।


