मालिक के ड्राइवर ने साथी संग उड़ाए 25 लाख, पचमढ़ी से दोनों आरोपी गिरफ्तार
एटीएम में कैश डालने वाली कंपनी के दो कर्मचारियों ने की 40 लाख की हेराफेरी, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया
25 लाख की चोरी, पचमढ़ी से 2 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में भरोसे को शर्मसार कर देने वाली चोरी का खुलासा हुआ है। यहां एक कारोबारी के ड्राइवर ने अपने साथी के साथ मिलकर मालिक की कार से 25 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी पचमढ़ी भाग गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर 24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली है। 30 जून को फरियादी मनीष सांगवी की कार से 25 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना के बाद फरियादी ने अपने ड्राइवर दीपक सोलंकी पर शक जताया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ड्राइवर दीपक सोलंकी और उसके साथी मोहित उर्फ चिंटू यादव को पचमढ़ी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोवा घूमने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई कार जब्त की है। इस तरह पुलिस ने कुल 34 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी है।
ATM में कैश डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने की हेराफेरी
इंदौर में एटीएम में कैश लोड करने वाली निजी कंपनी के दो कर्मचारियों द्वारा अमानत में खयानत का बड़ा मामला सामने आया है। दोनों कर्मचारियों ने एटीएम में जमा किए जाने वाले करीब 40 लाख रुपये की हेराफेरी कर दी। कंपनी के ऑडिट में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, यह मामला कैश मैनेजमेंट सर्विस कंपनी का है, जो विभिन्न बैंकों की चेस्ट ब्रांच से एटीएम मशीनों में नकदी पहुंचाने का काम करती है।

कंपनी की शिकायत के अनुसार कस्टोडियन कर्मचारी अभिषेक राजपूत और दीपक ने पिछले छह महीनों के दौरान एटीएम में डाले जाने वाले पैसों में से धीरे-धीरे करीब 40 लाख रुपये का गबन कर लिया। रूटीन ऑडिट के दौरान हेराफेरी का खुलासा होने पर पुलिस ने अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गबन की अधिकांश रकम उन्होंने आईपीएल सट्टेबाजी और ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर शेष राशि का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Varsha Shrivastava 
