मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार चोरी की सामग्री खरीदने वाले तीन व्यापारी भी धराए, उचेहरा पुलिस की कार्रवाई
सतना: धार्मिक आस्था के केन्द्र मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफास करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के आरोपियों से चोरी की सामग्री खरीदने वाले तीन व्यापारियों को भी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से पीतल के घंटे, कलश व अन्य सामग्री बरामद की गई है। वारदात में शामिल एक आरोपी फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस टीम के द्वारा संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
चोरी की 5 घटनाओं का हुआ खुलासा
उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि 26 जून को गोवरांव कला स्थित सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर और माता पार्वती के मंदिर से अज्ञात चोरों ने 11 -11 किलो के दो घंटे चुरा ले गए। मंदिर के पुजारी चंद्रिका प्रसाद पांडेय की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य संकलन किया गया। साइबर सेल की मदद लेकर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध पीतल के घंटे उचेहरा कस्बे में बेंचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर दबिश देकर संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में संदिग्धों ने गोवरांव कला स्थित सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर एवं माता पार्वती मंदिर के अलावा उरदनी स्थित खेरमाई मंदिर, नरहटी मंदिर, परसमनिया स्थित राजाबाबा मंदिर में चोरी की वारदातोंं को अंजाम देना स्वीकार किया।
उपासना स्थल का किया अपमान
सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर के पुजारी चंद्रिका प्रसाद ने पुलिस को बताया कि मंदिर में चोरी करने वाले चारों के द्वारा 11-11 किलो के पीतल के घंटे चुराने के अलावा मंदिर में अपमानजनक हरकतें की। चोरों ने शिव लिंग के ऊपर पैर रखा। परिक्रमा स्थल पर पान खाकर थूक दिया था जिससे धार्मिक आस्थाएं आहत हुर्इं। उचेहरा थाना प्रभारी ने बताया कि चोर गिरोह के सदस्य अमित कोल पिता नंदीलाल कोल निवासी उरदनी, अतुल साकेत पिता सोमनाथ साकेत निवासी उरदनी, प्रीतम साकेत पिता मोतीलाल साकेत निवासी उरदनी, विनय साकेत पिता विश्वनाथ निवासी उरदनी और योगेन्द्र उर्फ ओम साकेत पिता राज बहादुर निवासी उरदनी को गिरफ्तार किया गया है।
चोरी की सामग्री बेंच की पार्टी
मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह उरदनी गांव के साकेत समुदाय के पांचों युवकों ने मंदिरों से चुराए गए सामान उचेहरा के व्यापारियों को बेंचे। चोरी की सामग्री बेंचने से मिले पैसे से चोर गिरोह के सदस्यों ने कई दिनों तक पार्टी की। रुपए कम हो जाने पर शेष चुराया गया सामान बेंचने की फिराक में चोर गिरोह के सदस्य थे तभी पुलिस को भनक लग गई। थाना प्रभारी उचेहरा ने बताया कि चोर गिरोह के पांच सदस्यो के अलावा मंदिर से चुराए गए पीतल व फूल के घंटा व अन्य सामान खरीदने वाले उचेहरा के व्यापारी राजेश ताम्रकार पिता हनुमान प्रसाद निवासी वार्ड नं. 7, विजय ताम्रकार पिता हनुमान प्रसाद ताम्रकार निवासी वार्ड नं. 7 और कैलाश ताम्रकार पिता द्वारिका प्रसाद ताम्रकार निवासी वार्ड नं. 13 को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।

