सौसर की बेटी डॉ. शिवांशी श्रीवास्तव ने एमबीबीएस में गोल्ड मेडल हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

सौसर की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. शिवांशी श्रीवास्तव ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सौसर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।

सौसर की बेटी डॉ. शिवांशी श्रीवास्तव ने एमबीबीएस में गोल्ड मेडल हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
google

देवास स्थित अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एमपीएमस्यू) के दीक्षांत समारोह में डॉ. शिवांशी को औपचारिक रूप से एमबीबीएस की उपाधि प्रदान की गई। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2020-21 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।

डॉ. शिवांशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सौसर के प्रतिष्ठित सुभाष मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। छात्र जीवन से ही उन्होंने अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम को अपना आधार बनाया, जिसके बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।

डॉ. शिवांशी, गंगाधर श्रीवास्तव एवं अरुणा श्रीवास्तव की सुपुत्री हैं। उनके पिता रेमंड लिमिटेड में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. शिवांशी अब चिकित्सा क्षेत्र में और अधिक विशेषज्ञता प्राप्त करने के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) अध्ययन की तैयारी कर रही हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।

सौसर की इस होनहार बेटी की उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की प्रेरणा दी है।