ममता बनर्जी के भतीजे पर हमला: कपड़े फाड़े-अंडे फेंके, अभिषेक ने हेलमेट पहनकर बचाई जान

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण में चुनावी हिंसा के पीड़ित पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने गए TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला। शर्ट फाड़ी, पत्थर-अंडे फेंके, चोर-चोर के नारे लगाए। 

ममता बनर्जी के भतीजे पर हमला: कपड़े फाड़े-अंडे फेंके, अभिषेक ने हेलमेट पहनकर बचाई जान

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र में शनिवार शाम तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। अभिषेक यहां चुनावी हिंसा के पीड़ित TMC कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे थे। आरोप है कि उनके पहुंचते ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर जमकर नारेबाजी हुई। इस दौरान अभिषेक बनर्जी पर अंडे, जूते और अन्य वस्तुएं फेंकी गईं। धक्का-मुक्की में उनकी शर्ट भी फट गई। स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

अभिषेक बोले- हाईकोर्ट जाऊंगा

घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। उन्होंने कहा कि इलाके में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था और हमलावर उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाना चाहते थे। उन्होंने दावा किया कि हेलमेट की वजह से उनके सिर को चोट लगने से बचाया जा सका।

टीएमसी सांसद ने कहा कि ऐसे हमलों से हम डरेंगे नहीं। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और वह इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही राज्यपाल को भी घटना की जानकारी देंगे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ममता बोलीं- शर्म आनी चाहिए, अखिलेश ने की निंदा

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे पर हुए हमले पर सरकार को घेरते हुए कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए।टीएमसी ने अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट किया कि बीजेपी समर्थित उपद्रवियों के क्रूर हमले के बाद भी, हमारे राष्ट्रीय महासचिव ने पीछे हटने का विकल्प नहीं चुना। इसके बजाय, वे परिवार के साथ खड़े रहे।

वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की निंदा करते हुए लिखा- बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता अभिषेक बनर्जी जी के ऊपर जानलेवा हमला करवाकर बंगाल की अराजक भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि भाजपा नफरत भरी नकारात्मक हिंसक राजनीति के सिवा और कुछ नहीं कर सकती है। इतने संवेदनशील वातावरण में भी पुलिस की व्यवस्था न होना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। घोर निंदनीय!

CID ने भेजा अभिषेक को समन

इसी बीच शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल CID ने कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी को समन जारी किया। अधिकारियों ने उनके कालीघाट स्थित आवास पर नोटिस सौंपा और उन्हें सोमवार दोपहर 12 बजे भवानी भवन स्थित सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है।