US-Iran War: लारक द्वीप पर अमेरिका का हमला, कई सैनिक और नागरिक मारे जाने का दावा; ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की धमकी

US-Iran Conflict: अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया। ईरान ने कई सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने का दावा किया है और अमेरिका को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

US-Iran War: लारक द्वीप पर अमेरिका का हमला, कई सैनिक और नागरिक मारे जाने का दावा; ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की धमकी

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. करीब एक महीने के अंतराल के बाद अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया है. अमेरिकी सेना ने यहां ईरान के दो रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया. इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

अमेरिका ने दो रॉकेट लॉन्चर्स को बनाया निशाना

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने रविवार को लारक द्वीप पर मौजूद दो ईरानी लॉन्चर्स पर हमला किया. अमेरिका का कहना है कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के जवान होर्मुज जलजमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगे बिछाने के लिए रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे. 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, होर्मुज में समुंद्री सुरंगों से अंतराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतना था. इसी खतरे को देखते हुए अमेरिकी सेना ने यह कार्रवाई की.  

ईरान ने कहा- कई सैनिक और नागरिक मारे गए

अमेरिकी हमले के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने हमले की पुष्टि की. ईरानी पक्ष का दावा है कि हमले में कई सैनिक और नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं. हालांकि, ईरान ने अभी तक हताहतों की सटीक संख्या नहीं बताई है।

ईरान की सेमी-ऑफिशियल तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि लारक द्वीप पर ड्रोन से हमला किया गया और शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो लोगों की मौत तथा दो लोग घायल हुए हैं. अमेरिका ने हमले के तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की धमकी

हमले के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अमेरिका को जवाब देने की चेतावनी दी है. IRGC ने कहा कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा और हमलावर को सजा दी जाएगी. इससे क्षेत्र में एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ने की आशंका है.

इसके बाद ईरान की ओर से जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले की खबर भी सामने आई है. जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने आठ मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया.

क्यों अहम है लारक द्वीप और होर्मुज स्ट्रेट?

लारक द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है. यह जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है. युद्ध से पहले दुनिया के समुद्री तेल कारोबार का करीब पांचवां हिस्सा इस रास्ते से गुजरता था. इसलिए यहां किसी भी सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ सकता है.

अमेरिका का कहना है कि उसने हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट के अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट से समुद्री बारूदी सुरंगें हटाई थीं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी भी दी थी कि अगर दोबारा सुरंगें बिछाने की कोशिश हुई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

एक महीने बाद फिर आमने-सामने अमेरिका-ईरान

लारक द्वीप पर अमेरिकी हमला करीब एक महीने बाद ईरान पर की गई पहली ज्ञात अमेरिकी सैन्य कार्रवाई है. इस हमले और ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई के बाद अमेरिका-ईरान संघर्ष के फिर से तेज होने की आशंका बढ़ गई है.

आने वाले समय में सबसे बड़ी नजर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही और अमेरिका-ईरान की अगली सैन्य कार्रवाई पर रहेगी.