रीवा में दर्दनाक हादसा: क्योटी वाटरफॉल की खाई में गिरने से 2 युवकों की जान गई
क्योटी वाटरफॉल के पास 150 फीट गहरी खाई में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत
रीवा। जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र में स्थित क्योटी जलप्रपात के पास दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां करीब 150 फीट गहरी खाई में बाइक सवार दो युवक गिर गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। गुरुवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली, लेकिन जब तक टीम मौके पर पहुंची तब तक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।
शुक्रवार सुबह पुलिस और रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर दोनों युवकों के शव बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों युवक खाई में कैसे गिरे।
आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। जहां सिरमौर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Varsha Shrivastava 
