मैहर में पुताई के दौरान मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या और करंट लगने की आशंका

नए मकान में पुताई करते समय मजदूर की संदिग्ध मौत पर हंगामा। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका तो 22 घंटे बाद हुआ पोस्टमार्टम।

मैहर में पुताई के दौरान मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या और करंट लगने की आशंका

मैहर। जिले के अमरपाटन नगर अंतर्गत वार्ड नंबर 2 में निर्माणाधीन मकान में मजदूर बैजनाथ लोनी की मौत का मामला अब गरमा गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम से पहले मृतक के शरीर पर काले निशान देखकर परिजन भड़क गए। परिजनों ने हत्या और करंट लगने की आशंका जताते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भारी हंगामे के बीच करीब 24 घंटे बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई है।

नए मकान में पुताई करते समय मजदूर की मौत

गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे देवरी जगदीशपुर निवासी बैजनाथ लोनी (50 वर्ष) सतना रोड स्थित एक नए मकान में पुताई करते समय संदिग्ध रूप से मृत पाए गए थे। मकान मालिक का कहना था कि बैजनाथ खाना खाने के बाद दीवार के सहारे बैठकर फोन पर बात कर रहे थे और अचानक अचेत हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

परिजनों बोले - शरीर पर मिले काले निशान

बुधवार सुबह जब शव का पोस्टमार्टम होना था, तब मृतक के परिजनों ने बैजनाथ के शरीर पर संदिग्ध काले निशान देखे। इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि बैजनाथ की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उन्हें बिजली का करंट लगा है या उनकी हत्या की गई है। आक्रोशित परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को पोस्टमार्टम करने से रोक दिया और ज्ञापन सौंपा।

पुलिस की समझाइश के बाद माने परिजन

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित की है। डॉक्टरों की टीम की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

मामले की हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि परिजनों ने हत्या का संदेह जताते हुए ज्ञापन दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।