मऊगंज में हाथियों के जोड़े का आतंक, लौर थाना क्षेत्र के गांवों में मचाया उत्पात
मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा डीहार में एक बार फिर हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते तीन दिनों से रात के समय हाथियों का एक जोड़ा गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचा रहा है। किसानों की झोपड़ियां तोड़ने के साथ-साथ पेड़ और बाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
रिपोर्टर- राजेंद्र पयासी
स्थानीय निवासी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से यह जोड़ा रात होते ही छपरा डीहार गांव में आ जाता है। हाथी खेतों की मेड़ों पर बनी झोपड़ियों को गिरा रहे हैं और बाड़ियों में लगी सब्जियों व पेड़ों को रौंद रहे हैं। डर के कारण ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

बांधवगढ़ से भटका है जोड़ा, दो माह से कर रहा विचरण
वन विभाग एवं वन विकास निगम के कर्मचारियों के अनुसार यह वही हाथियों का जोड़ा है जो करीब दो माह पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से भटक गया था। पहले यह जोड़ा सीधी जिले में देखा गया, फिर रीवा जिले के जंगलों में विचरण करता रहा। पिछले एक सप्ताह से यह मऊगंज जिले की सीमा में घूम रहा है और अब लौर क्षेत्र के गांवों तक पहुंच गया है।

ग्रामीणों की सूचना पर मऊगंज रेंज का वन अमला मौके पर पहुंचा। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि टीम लगातार हाथियों पर नजर रख रही है। पटाखे, मशाल और ड्रम बजाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। टीम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं और रात में समूह में रहें।
हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का आकलन राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम कर रही है। प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल गांव में वन विभाग की टीम 24 घंटे तैनात कर दी गई है।

ग्रामीणों में आक्रोश, स्थायी समाधान की मांग
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि दो महीने से हाथी अलग-अलग जिलों में घूम रहे हैं, पर स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा। उन्होंने वन विभाग से हाथियों को जल्द से जल्द सुरक्षित रिजर्व क्षेत्र में पहुंचाने की मांग की है।
उधर वन विभाग एवं वन विकास निगम द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की गई है कि
- रात में खेतों की तरफ अकेले न जाएं
- हाथी दिखने पर शोर न मचाएं, तुरंत वन विभाग को सूचना दें
- घरों में तेज लाइट जलाकर रखें


