रीवा में बनेगा कांग्रेस कार्यालय, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन
आज रीवा में कांग्रेस कार्यालय के शुभारंभ की नींव रखी गई। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित तमाम नेता-कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आज भूमि पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। रीवा के घोघर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यालय का तीन मंजिला सर्वसुविधायुक्त भवन बनकर तैयार होगा, जिसका उद्घाटन राष्ट्रीय स्तर के नेता द्वारा कराया जाएगा।
विंध्य को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह (सीधी) और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी जैसे दिग्गज नेता इसी धरती की देन हैं और कभी विंध्य में हर तरफ पंजा निशान वाला झंडा ही लहराता था। लेकिन इसके बावजूद रीवा में कांग्रेस कार्यालय की कमी बनी रही।
घोघर में बन रहे कांग्रेस कार्यालय की नींव रखी गई, जिसमें भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को ताकत देने वाला पहला अंचल विंध्य अंचल है। कांग्रेस पार्टी का पूरा रेवांचल गढ़ है। हर परिस्थितियों में, अच्छे और बुरे दौर में, विंध्य के परिवारजनों ने कांग्रेस की विचारधारा को आत्मसात किया और हर संघर्ष में सहयोग भी किया।

आज रीवा की ऐतिहासिक नगरी में कांग्रेस कार्यालय का भूमि पूजन सभी वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ किया गया। इस कार्यालय के उद्घाटन में राष्ट्रीय नेता यहां आएंगे। पूरे मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार का कैंसर बहुत गहराई से जड़ जमा चुका है। जब कैंसर की सारी जड़ें उखाड़ फेंकी जाती हैं, तब कैंसर जैसी बीमारी से मुक्ति मिलती है।
अगर भारतीय जनता पार्टी के कैंसर से जनता को बचाना है, मध्य प्रदेश को बचाना है, तो पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक भारतीय जनता पार्टी को हराना पड़ेगा। सबसे ज्यादा सरकारी जमीन अगर कहीं बेची गई है, तो वह रीवा की धरती है। उसका सूत्रपात यहां के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। यहां के लोग इलाज कराने नागपुर जाते हैं।


