राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राहुल गांधी ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, बोले- आपकी चुप्पी स्वीकार नहीं, ट्रस्ट के खाते सार्वजनिक हों
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट की स्वतंत्र जांच और खातों को सार्वजनिक करने की मांग की। आरोपी टिन्नू से पूछताछ जारी।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच की मांग की है। दोनों नेताओं ने कहा है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को यह पता चल सके कि मंदिर में मिले चढ़ावे का उपयोग कहां और कैसे किया गया।
राहुल गांधी ने उठाए जवाबदेही के सवाल
शनिवार को लिखी गई यह चिट्ठी रविवार को सार्वजनिक हुई। पत्र में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संसद में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी, जबकि ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति सरकार ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के कई सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) और उनसे जुड़े संगठनों से जुड़े रहे हैं। साथ ही पूर्व महासचिव को प्रधानमंत्री का करीबी बताते हुए कहा कि ऐसे मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी स्वीकार नहीं की जा सकती। पत्र में कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए। उनका कहना है कि सरकार और ट्रस्ट दोनों की विश्वसनीयता इसी पर निर्भर करती है।
टिन्नू और उसके भतीजे से पूछताछ जारी
उधर, इस मामले के मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू' और उसके भतीजे मनीष की पुलिस कस्टडी का रविवार को आखिरी दिन है। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस दोनों को जिला जेल से 39 घंटे की रिमांड पर लेकर गई थी। देर रात तक दोनों से स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) कार्यालय में पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें किसी अन्य स्थान पर नहीं ले जाया।
चढ़ावे की व्यवस्था संभालता था टिन्नू
जांच के अनुसार, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता है। वह मंदिर के दानपात्रों की देखरेख करता था, जबकि उसका भतीजा मनीष चढ़ावे की गिनती का काम करता था।
पुलिस ने टिन्नू के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में छह अन्य आरोपियों—अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश—को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं विपक्ष इस मामले में पारदर्शिता और स्वतंत्र जांच की मांग कर रहा है। ऐसे में यह मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।

