3 राज्यों के चुनाव में फिर जीत का दावा, UCC पर भ्रम फैला रही कांग्रेस: मंत्री प्रह्लाद पटेल
भोपाल में आयोजित नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (जनपद पंचायत) एवं विकास खंड अधिकारियों के अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भोपाल में आयोजित नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (जनपद पंचायत) एवं विकास खंड अधिकारियों के अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने तीन राज्यों में चल रहे चुनावों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी लगातार चुनाव जीतती आ रही है और इस बार भी जीत की पूरी उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन पार्टी के साथ है और चुनाव परिणाम सकारात्मक आएंगे।

मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि पार्टी ने बीते कई चुनावों में जनता का भरोसा जीता है और विकास कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। वहीं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर आदिवासी समाज द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जानबूझकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज पहले से ही यूसीसी के दायरे से अलग रहा है और उनकी पारंपरिक व्यवस्था तथा संस्कृति पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

मंत्री प्रह्लाद पटेल ने आगे कहा कि इस विषय पर देश के गृह मंत्री पहले ही संसद के भीतर और बाहर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। सरकार आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने दोहराया कि देश में समान नागरिक संहिता लागू होना समय की मांग है और सरकार संतुलित तरीके से इस दिशा में आगे बढ़ रही है। बता दें कि मंत्री प्रह्लाद पटेल भोपाल स्थित मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने अधिकारियों को बेहतर ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

Varsha Shrivastava 
