देवास: प्याज से भरा मिनी ट्रक पलटने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर घायल

सोनकच्छ क्षेत्र में चौबारा-धीरा रोड पर भीषण सड़क हादसा, 90 डिग्री मोड़ पर प्याज से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, हादसे में 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, जबकि 2 गंभीर घायल

देवास: प्याज से भरा मिनी ट्रक पलटने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर घायल

देवास। जिले के सोनकच्छ क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौबारा-धीरा रोड पर ग्राम बैराखेड़ी के पास स्थित 90 डिग्री के खतरनाक मोड़ पर प्याज से भरा एक मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ, जब ट्रक गंधर्वपुरी क्षेत्र से प्याज लोड कर चौबारा की ओर जा रहा था। मोड़ पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया।

ट्रक पलटते ही बोरियों के नीचे दबे मजदूर

जानकारी के अनुसार, ट्रक में प्याज की भारी-भरकम बोरियां भरी हुई थीं। हादसे के समय कई मजदूर इन्हीं बोरियों के ऊपर और बीच में बैठे हुए थे। जैसे ही ट्रक पलटा, भारी बोरियां मजदूरों के ऊपर गिर गईं और वे नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। आसपास के ग्रामीण आवाज सुनकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मोड़ बेहद खतरनाक है और यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पीपलरावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों चले रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।

सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार मृतकों की पहचान ओमप्रकाश मालवीय, आकाश बगानिया और विजय मालवीय के रूप में हुई है। तीनों मृतक ग्राम बालोन के रहने वाले थे। हादसे में घायल दो लोगों में ट्रक चालक और क्लीनर शामिल हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनकच्छ अस्पताल में भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम या चेतावनी संकेत होते, तो शायद यह हादसा टल सकता था। फिलहाल, प्रशासन घटना की जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।