मऊगंज में विसर्जन बना मातम: दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, गांवों में पसरा सन्नाटा

नईगढ़ी थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 20 और 35 वर्षीय युवकों की दर्दनाक मौत

मऊगंज में विसर्जन बना मातम: दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, गांवों में पसरा सन्नाटा

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

विजयादशमी पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियां मातम में बदल गईं। नईगढ़ी थाना क्षेत्र में बीती रात अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों गांवों में मातमी सन्नाटा पसर गया।

नरैनी मार्ग पर बाइक फिसलने से युवक की मौत

पहली घटना नरैनी मार्ग पर हुई। ग्राम सुकुली, थाना नईगढ़ी निवासी शशिकांत कोल (20), पिता राजेंद्र प्रसाद कोल, अपने परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहा था। बताया गया कि वह दुर्गा झांकी के आगे-आगे बाइक चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन की तेज रोशनी सीधे उसकी आंखों पर पड़ी, जिससे वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा।

बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और शशिकांत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर दूसरे युवक की मौत

दूसरी घटना नईगढ़ी कस्बे के लालगंज मोड़ के पास हुई। यहां भी देर रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। सगरा निवासी लालेन्द्र सिंह (35), पिता चंद्रभूषण सिंह, थाना लौर, जिला मऊगंज, ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर विसर्जन के लिए जा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों हादसों की सूचना मिलने पर नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर पुलिस ने दुर्घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।