मऊगंज कलेक्टर ने बिछिया नदी के उद्गम स्थल का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने बिछिया नदी के पुनर्जीवन और जल संरक्षण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

मऊगंज कलेक्टर ने बिछिया नदी के उद्गम स्थल का किया निरीक्षण

मऊगंज। जिले के कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जनपद मऊगंज के ग्राम खैरा स्थित बिछिया नदी के उद्गम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिछिया नदी के पुनर्जीवन और जल संरक्षण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उद्गम स्थल की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि नदियों का संरक्षण और पुनर्जीवन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बिछिया नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। इसके लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जल संरचनाओं का निर्माण और मरम्मत सहित अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नदी के उद्गम स्थल और प्रवाह क्षेत्र में जल संरक्षण के स्थायी उपाय किए जाएं, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके और नदी का जलस्तर बना रहे। साथ ही ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी पुनर्जीवन के लिए एक कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जल संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन एवं आमजन के बीच समन्वय आवश्यक है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।